गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारती श्रमजीवी पत्रकार संगठन ने देहरादून स्थित अपने राज्य स्तरीय कार्यालय में एक विशेष आयोजन किया। संगठन ने इस वर्ष से निर्णय लिया है कि प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
78वें गणतंत्र दिवस के इस आयोजन में संगठन ने देहरादून की ‘अंतर्मन सोसाइटी’ की निदेशक सुषमा बछेती को “श्रमश्रेष्ठ सम्मान” से सम्मानित किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार चंद्रवीर गायत्री ने बताया कि यह परंपरा गणतंत्र दिवस के अवसर पर भविष्य में भी निरंतर जारी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि सुषमा बछेती पिछले कई वर्षों से देहरादून सहित राज्य के विभिन्न स्थानों में गरीबों एवं पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही हैं। वे देहरादून में प्रतिमाह लगभग 500 से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध करवाती हैं। इसलिए संगठन ने उनकी लोक सेवा को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया है।
संगठन के प्रदेश महामंत्री राजीव थपलियाल ने कहा कि भारती श्रमजीवी पत्रकार संगठन शीघ्र ही प्रदेश भ्रमण करेगा और विभिन्न जिलों में तैनात श्रमजीवी पत्रकारों की समस्याओं को समझकर सरकार से त्वरित कार्रवाई की माँग करेगा। उन्होंने सुषमा बछेती को बधाई देते हुए कहा कि वे समाजसेवा के क्षेत्र में राज्य की एक उपलब्धि हैं और मूकदर्शक बनकर जनसेवा में संलग्न हैं।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संगठन के गढ़वाल प्रभारी नवल खाली ने बताया कि संगठन इस तरह के कार्यक्रम प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी आयोजित करेगा। उन्होंने यह भी सूचित किया कि आने वाले दिनों में संगठन के राज्यस्तरीय अधिवेशन में भी इसी प्रकार के विशेष रचनात्मक कार्य करने वालों को मंच प्रदान किया जाएगा।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी सुषमा बछेती ने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े मीडिया संगठन द्वारा दिए गए इस सम्मान से उनकी जिम्मेदारियाँ और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि वे अब अपने कार्यों को और अधिक तेजी से संपन्न कर पाएंगी। उन्होंने धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि उन सभी के लिए है जो समाज कार्यों में उनके साथ जुड़े हैं।
इस अवसर पर भारती श्रमजीवी पत्रकार संगठन के वरिष्ठ सदस्य व वरिष्ठ पत्रकार पुष्कर नेगी, संगठन मंत्री विजयपाल रावत, मयंक पांडे, प्रेम पंचोली, मुकेश घलवान सहित अनेक मीडियाकर्मियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
