गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर सुराज सेवा दल का प्रदर्शन, कार्यकर्ता हिरासत में

सुराज सेवा दल द्वारा गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाए जाने, पर्वतीय क्षेत्रों से बढ़ते पलायन को रोकने हेतु ठोस नीति बनाए जाने, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए जाने तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किए जाने आदि मांगों को लेकर आज दिनांक 11.03.2026 को श्री रमेश जोशी (केंद्रीय अध्यक्ष, सुराज सेवा दल) के नेतृत्व में लगभग 40-50 कार्यकर्ता/पदाधिकारी जंगलचट्टी बैरियर पहुंचे। दिवालीखाल बैरियर पहुंचकर प्रदर्शन व नारेबाजी की।

इसके बाद दिवालीखाल में कार्यकर्ताओं द्वारा सभा/बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधानसभा कूच का प्रयास किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा बैरिकेडिंग पर धक्का-मुक्की भी की गई। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस द्वारा सभी को हिरासत में लेकर मालसी जेल भेजा गया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री रमेश जोशी (केंद्रीय अध्यक्ष) द्वारा कहा गया कि उनकी प्रमुख मांग गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाए जाने की है तथा इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखा जाएगा। पुलिस कर्मियों की 4600 ग्रेड-पे की मांग भी उठाई गई तथा पूर्व में इस मांग को उठाने वाले पुलिसकर्मियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लिए जाने की मांग की गई।

उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल आगामी समय में उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा तथा किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगा। प्रदेश के विभिन्न विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध दल द्वारा आवाज उठाई जाएगी और भ्रष्ट अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।

इसके अतिरिक्त उन्होंने विधानसभा में पहाड़ी समाज को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भी आपत्ति व्यक्त की तथा कहा कि प्रदेश की राजनीति में आपसी सौहार्द बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त रुख अपनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वीरेंद्र पाल डिंपी (प्रदेश प्रवक्ता), देवेंद्र बिष्ट (प्रदेश महामंत्री), सुमित अग्रवाल (जिलाध्यक्ष देहरादून), कावेरी जोशी (प्रदेश अध्यक्ष महिला), पूजा नेगी (महानगर अध्यक्ष), हिमांशु धामी (पश्चिमी दून अध्यक्ष), राजेश थापा (अध्यक्ष गोरखा सभा), भूपेंद्र सिंह (प्रदेश महामंत्री), दीक्षा, कुणाल (यूथ विंग) सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें