गोपेश्वर/चमोली: पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने की दिशा में आज पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार द्वारा कोतवाली गोपेश्वर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। कोतवाली परिसर पहुंचने पर सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक को ‘सलामी गार्ड’ द्वारा सम्मानपूर्वक मान-प्रणाम दिया गया। इसके पश्चात एसपी चमोली ने कोतवाली परिसर, थाना कार्यालय, मालखाना, बैरक, भोजनालय और हवालात का सघन निरीक्षण कर साफ-सफाई व रखरखाव का जायजा लिया।
थाना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एसपी ने सभी रजिस्टरों और अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुके पुराने रजिस्टरों के संरक्षण और उनके सही ढंग से अभिलेखीकरण हेतु निर्देशित किया। त्योहार रजिस्टर व अन्य महत्वपूर्ण पत्रावलियों को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसपी चमोली ने कोतवाली में तैनात समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों की ‘आर्म्स एम्युनिशन ड्रिल’ करवाई। इसमें शस्त्रों को खोलने-जोड़ने और उनके सही रखरखाव का कड़ा परीक्षण लिया गया। शस्त्रों की बेहतरीन हैंडलिंग के लिए हेड कांस्टेबल विक्रम को पुरस्कृत किया गया। सभी पुलिस कर्मियों को शस्त्रों की बेसिक जानकारी रखने और नियमित रूप से शस्त्राभ्यास व साफ-सफाई करने के सख्त निर्देश दिए गए।
चमोली जिले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने आपदा उपकरणों के निरीक्षण पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक पुलिस कर्मी को आपदा उपकरणों के संचालन की व्यावहारिक जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ की भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सके।
सीसीटीएनएस कार्यालय के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन पोर्टलों पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कोतवाली परिसर, बैरक, भोजनालय और हवालात की साफ-सफाई का जायजा लेते हुए एसपी ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। कोतवाली परिसर में जहां भी टूट-फूट है, उनके सुधार हेतु तत्काल प्रस्ताव पुलिस कार्यालय भेजने और परिसर के आसपास नियमित श्रमदान चलाकर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मालखाने में रखे लंबित अभियोगों से संबंधित मालों और लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही, पुराने मालों को ‘सुरक्षित मालखाना मॉड्यूल’ में ऑनलाइन अपलोड करने को कहा गया।
महिला हेल्प डेस्क और बाल थाने की पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए एसपी ने निर्देशित किया कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका अविलंब निस्तारण किया जाए।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ व अन्य मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
