देवभूमि में नॉर्थ ईस्ट के युवाओं का जमावड़ा: सीएम धामी ने कहा- “आप हैं देश के सच्चे ब्रांड एंबेसडर”

  • एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत नॉर्थ ईस्ट के युवाओं से सीएम धामी का संवाद
  • सांस्कृतिक एकता को मजबूत कर रहा “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान

  • महिला सशक्तिकरण हेतु 19 हजार करोड़ का जेंडर बजट

  • नॉर्थ ईस्ट और उत्तराखंड के बीच सांस्कृतिक समानता पर जोर

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास पर “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के अंतर्गत उत्तर-पूर्वी राज्यों के युवाओं से संवाद किया। ये युवा देहरादून से उत्तरकाशी की तीन दिवसीय राज्य भ्रमण यात्रा पर आए हुए हैं। इस दौरान विभिन्न राज्यों के छात्रों ने मुख्यमंत्री से कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका मुख्यमंत्री ने विस्तारपूर्वक और आत्मीयता के साथ उत्तर दिया।

त्रिपुरा की एक छात्रा द्वारा छात्रों की सुविधा और सुरक्षा के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में देश-विदे़श से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं और उनकी सुविधा व सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अरुणाचल प्रदेश के एक छात्र द्वारा उत्तराखंड और उत्तर-पूर्वी राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों क्षेत्रों की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियाँ काफी हद तक समान हैं, जिससे “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को और मजबूती मिलती है।

उत्तराखंड में महिलाओं की भूमिका पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं तथा महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार ने 19 हजार करोड़ रुपये का जेंडर बजट निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर-पूर्वी राज्यों से आए सभी छात्र-छात्राओं का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि देश की “अष्टलक्ष्मी” कहे जाने वाले उत्तर-पूर्वी राज्यों एवं लद्दाख जैसे हिमालयी क्षेत्रों से आए युवाओं के बीच उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत हर्ष की अनुभूति हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न वेशभूषा, भाषाएँ, परंपराएँ और जीवनशैली भारत की “विविधता में एकता” की भावना को साकार करती हैं। उन्होंने उत्तर-पूर्वी राज्यों की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए अरुणाचल की बर्फीली चोटियों से लेकर लद्दाख की हिमालयी सुंदरता तक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये युवा वास्तव में देश के सच्चे ‘ब्रांड एंबेसडर’ हैं।

मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “Look East” नीति को “Act East” में परिवर्तित कर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में लाया गया है। पिछले 11 वर्षों में 800 से अधिक बार केंद्रीय नेतृत्व ने नॉर्थ ईस्ट का दौरा किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा और कौशल प्राप्त कर अपने क्षेत्रों के विकास में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सभी छात्र उत्तराखंड में पूर्णतः सुरक्षित हैं और किसी भी समस्या के समाधान हेतु सिद्धि फाउंडेशन या सीमा जागरण मंच के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुँचा सकते हैं।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें