देहरादून: सीएसआर फंड से दो असहाय महिलाओं को मिली एक-एक लाख की आर्थिक मदद

देहरादून: देहरादून जिला प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही दो महिलाओं को सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर यह राशि मीना ठाकुर और परित्यक्ता अमृता जोशी के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में असहाय, दिव्यांग, महिला, बुजुर्ग और जरूरतमंद नागरिकों की सहायता के लिए प्रशासन निरंतर संवेदनशीलता से कार्य कर रहा है।

मामला 1: 8 साल से लापता पति, 5 बच्चों की जिम्मेदारी उठा रही मीना ठाकुर को मिली मदद

सुद्धोवाला निवासी मीना ठाकुर ने जिलाधिकारी से मिलकर अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने बताया कि उनके पति पिछले आठ वर्षों से लापता हैं और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन पर आ गई है।

मीना ठाकुर के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा हैं, जिनमें दो बेटियां दिव्यांग हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों की शिक्षा और परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया था।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सीएसआर फंड से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मीना ठाकुर की तीन बेटियों की शिक्षा “प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा” के तहत जारी रखी जाए तथा दिव्यांग बेटियों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जाए।

मामला 2: आर्थिक तंगी से जूझ रही अमृता जोशी को भी मिली राहत

खुड़बुड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाली परित्यक्ता महिला अमृता जोशी दूसरों के घरों में काम करके अपने दो बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं।

उनका बड़ा बेटा मानसिक विकार से पीड़ित है, जिसके इलाज में लगातार खर्च हो रहा था। वहीं आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे की स्कूल फीस जमा न होने पर उसे स्कूल से निकाल दिया गया।

इसी बीच किराया न चुका पाने के कारण मकान मालिक ने भी उन्हें घर से बाहर कर दिया।

अमृता जोशी की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने सीएसआर फंड से 1 लाख रुपये की सहायता उनके बैंक खाते में हस्तांतरित करवाई।

इस राशि से अब वह बेटे का इलाज, स्कूल फीस और मकान का बकाया किराया चुका सकेंगी तथा स्वरोजगार शुरू कर सकती हैं।

जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रशासन तत्पर

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन असहाय और जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार मानवीय दृष्टिकोण से कार्य कर रहा है और आगे भी ऐसे परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें