देहरादून पुलिस ने विदेश नौकरी के नाम पर 1.2 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अभियुक्त को किया गिरफ्तार

देहरादून। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक अभियुक्त को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त फर्जी दस्तावेज, कूटरचित कॉन्ट्रैक्ट लेटर और ई-मेल के जरिए लोगों को विदेश भेजने का झांसा देता था। मामला थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 29 जुलाई 2025 को थाना नेहरू कॉलोनी में सूबेदार नरजंग कुमार पुत्र बलबहादुर, निवासी जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) ने लिखित तहरीर दी थी। वादी ने बताया कि सेना में तैनात सूबेदार संदीप थापा ने उन्हें बताया कि उसका रिश्तेदार उपेन्द्र सिंह थापा मर्चेंट नेवी में कैप्टन है और फिनलैंड में नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए प्रति व्यक्ति 10 लाख रुपये की मांग की गई, जिसमें से 5 लाख रुपये अग्रिम देने को कहा गया।

आरोप है कि संदीप थापा द्वारा वादी की मुलाकात उपेन्द्र सिंह थापा तथा उसके साथियों असीम थापा, अश्वनी कुमार और विकास थापा से करवाई गई। अभियुक्तों की बातों में आकर वादी व अन्य लोगों ने अलग-अलग तिथियों में लाखों रुपये नगद व बैंक खातों के माध्यम से दे दिए। इसके बाद अभियुक्तों ने 30 से 45 दिन में वर्क परमिट आने और इंग्लिश लैंग्वेज कोर्स के नाम पर अतिरिक्त धनराशि भी ली।

पुलिस के अनुसार, 28 जून 2024 को सभी पीड़ितों को देहरादून बुलाकर फिनलैंड का फर्जी कॉन्ट्रैक्ट लेटर दिया गया। फरवरी 2025 में वीएफएस/दूतावास के ई-मेल और ब्लू डार्ट कूरियर के माध्यम से पासपोर्ट व वीजा रिफ्यूजल लेटर मिले, जिसमें दस्तावेजों को फर्जी बताया गया। जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने दूतावास के नकली दस्तावेज तैयार कर वीजा प्रक्रिया करवाई थी।

तहरीर के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0-263/2025 धारा 420/467/468/471/120बी/504 भादवि तथा 24 उत्प्रवास अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। प्रभावी सुरागरसी और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने 6 फरवरी 2026 को अभियुक्त उपेन्द्र सिंह थापा पुत्र स्व. सुरेन्द्र सिंह थापा (उम्र 38 वर्ष), निवासी मोहकमपुर आईआईपी, थाना नेहरू कॉलोनी, हाल पता कमलवागाजा, हाईडिल कॉलोनी, हल्द्वानी को ट्रांसपोर्ट नगर संधू सेंटर के सामने से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने वादी सहित अन्य लोगों से धोखाधड़ी कर कुल लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये की ठगी की है।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
उपेन्द्र सिंह थापा पुत्र स्व. सुरेन्द्र सिंह थापा, निवासी मोहकमपुर आईआईपी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून, हाल पता कमलवागाजा, हाईडिल कॉलोनी, हल्द्वानी।

गिरफ्तारी टीम:
उप निरीक्षक विजय प्रताप राही, चौकी प्रभारी जोगीवाला
कांस्टेबल विपिन सेमवाल

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें