देहरादून: चंद्रबनी शमशान घाट के पास नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र अंतर्गत चंद्रबनी श्मशान घाट के पास गंदे नाले में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 13 फरवरी 2026 को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चंद्रबनी श्मशान घाट के समीप नाले में एक पुरुष का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर कोतवाली पटेलनगर से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
मौके पर पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर फील्ड यूनिट की सहायता से घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। प्रारंभिक निरीक्षण में शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद नहीं हुए हैं।
आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। फिलहाल शव को पहचान के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।