चमोली: चमोली जिले में पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक अज्ञात व्यक्ति के शव का पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया।
जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि लंगासू क्षेत्र में अलकनंदा नदी के किनारे एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस और डीडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला उप-चिकित्सालय कर्णप्रयाग लाया गया।
पहचान के लिए किए गए प्रयास
पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ की और विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया। इसके बावजूद मृतक की पहचान से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
72 घंटे तक रखा गया शव
नियमों के अनुसार पुलिस ने अज्ञात शव का पंचनामा भरकर उसे पहचान के लिए 72 घंटे तक जिला उप-चिकित्सालय कर्णप्रयाग में सुरक्षित रखा। इस दौरान मृतक की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए गए।
धार्मिक विधि-विधान से किया अंतिम संस्कार
निर्धारित समयावधि पूरी होने और शव की पहचान न हो पाने के कारण 13 मार्च 2026 को पुलिस ने मृतक का पूरे धार्मिक रीति-रिवाज और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस की इस पहल को क्षेत्र में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
