चमोली: जनपद चमोली के पोखरी विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैणी में आज दोपहर 1:15 बजे बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। विद्यालय में वर्तमान में 13 बच्चे और दो अध्यापक हैं। अध्यापक से संपर्क करने पर पता चला कि स्कूल में आजकल परीक्षाएं चल रही हैं।
गनीमत रही कि बच्चे स्कूल के मैदान में पेपर हल कर रहे थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ग्राम प्रधान सतीश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक विद्यालय पैणी में बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिससे फर्नीचर, कंप्यूटर सहित आवश्यक सामग्री जलकर राख हो गई।
उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राएं फील्ड में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे, जिससे बड़ी अनहोनी होने से बच गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और क्षति का आकलन किया जा रहा है।

? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
