चमोली में आयोजनों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने की अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

चमोली – पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार द्वारा आगामी विधानसभा सत्र, महाशिवरात्रि पर्व तथा औली में आयोजित होने वाले विंटर नेशनल गेम्स एवं कार्निवल को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें महाशिवरात्रि पर्व के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं मंदिर परिसरों में आयोजित होने वाले मेलों में श्रद्धालुओं की संभावित अधिक भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय एवं सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस, होमगार्ड एवं महिला होमगार्ड/पीआरडी जवानों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

औली (ज्योतिर्मठ) क्षेत्र अंतर्गत आयोजित होने वाले विंटर नेशनल गेम्स एवं कार्निवल के दृष्टिगत सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आयोजन स्थलों एवं आवागमन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्तमान में ज्योतिर्मठ–औली मार्ग पर बर्फ जमी होने के कारण आयोजन के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखने हेतु बीआरओ के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने एवं समस्त व्यवस्थाएँ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।

भराड़ीसैंण (गैरसैण) में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल हेतु आवासीय एवं संचार व्यवस्था तथा सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न स्थानों पर लगने वाली बैरिकेडिंग को लेकर संबंधित विभागों से प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो, इसके लिए अन्य विभागों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। साथ ही विधानसभा सत्र के दौरान समुचित सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करते हुए सत्र से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कर लिया जाए।

जनपद में विभागीय लंबित प्रारंभिक जाँचों/14(2) की कार्यवाहियों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जाँच अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों का गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्राथमिकता के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध पूर्णता तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रगति की नियमित समीक्षा कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।

वर्तमान में संचालित बैंक एवं वाहन चेकिंग अभियानों के संबंध में निर्देशित किया गया कि संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों तथा बैंक/एटीएम परिसरों के आसपास नियमित एवं प्रभावी चेकिंग अभियान निरंतर जारी रखे जाएँ। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी निगरानी रखते हुए दस्तावेजों की गहन जाँच, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन तथा किसी भी अवैध गतिविधि पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

दो माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि सभी लंबित विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक विलंब पर जिम्मेदारी तय की जाए।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों से फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं को भेजे गए माल मुकदमाती की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि प्रेषित माल का समयबद्ध परीक्षण, रिपोर्ट की शीघ्र प्राप्ति तथा लंबित मामलों में नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाए। साथ ही माल प्रेषण में किसी भी प्रकार की त्रुटि, देरी अथवा कमी न रहे, इसके लिए अभिलेखों का सही संधारण, डिजिटल एंट्री एवं संबंधित प्रयोगशालाओं से निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, जिससे विवेचनाओं के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो।

एसपी चमोली ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रमों एवं आयोजनों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना तथा आमजन की सुरक्षा के साथ आयोजनों को सकुशल संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए।

इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत, निरीक्षक अभिसूचना इकाई सचिन चौहान, यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना, निरीक्षक दिगंबर उनियाल सहित जनपद के समस्त थाना/चौकी प्रभारी जुड़े रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें