चमोली: डीएसपी कर्णप्रयाग ने फायर स्टेशन गोपेश्वर का किया औचक निरीक्षण

चमोली: पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा ने रविवार को फायर स्टेशन गोपेश्वर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय भवन, कर्मचारी बैरक, भोजनालय, वॉच रूम, स्टोर तथा फायर स्टेशन में उपलब्ध वाहनों और मशीनरी का बारीकी से जायजा लिया।

आपदा उपकरणों और वाहनों की जांच

निरीक्षण के दौरान फायर सर्विस स्टोर में मौजूद आपदा प्रबंधन उपकरणों की स्थिति की जांच की गई। साथ ही फायर सर्विस एमटी कार्यालय में तैनात फायर वाटर टेंडर सहित अन्य वाहनों की रनिंग लॉग बुक का अवलोकन कर उनकी अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।

डीएसपी ने वाहनों के नियमित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

फायर सीजन को देखते हुए तैयार रहने के निर्देश

आगामी फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी अग्निशमन और आपदा उपकरणों को पूरी तरह चालू अवस्था में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आग, प्राकृतिक आपदा या रेस्क्यू से जुड़ी किसी भी घटना में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम पर जोर

पुलिस उपाधीक्षक ने प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को निर्देश दिए कि फायर सर्विस कर्मियों को समय-समय पर मॉक ड्रिल कराकर उनकी दक्षता बढ़ाई जाए।

इसके साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आग से बचाव और आपदा के समय अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में जागरूक किया जाए।

अनुशासन और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश

डीएसपी त्रिवेंद्र सिंह राणा ने फायर सर्विस कर्मियों को अनुशासन बनाए रखने, साफ-सुथरी वर्दी पहनने और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि फायर सर्विस की टीम आपदा और आपात स्थितियों में आमजन की सुरक्षा की अग्रिम पंक्ति में कार्य करती है, इसलिए सभी कर्मियों को हमेशा मुस्तैद रहना चाहिए।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें