चमोली दौरे पर ITBP के महानिदेशक, औली में जिला प्रशासन ने किया भव्य स्वागत

चमोली: सरहदी सुरक्षा और सामरिक तैयारियों को परखने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक (DG) श्री शत्रुजीत कपूर इन दिनों उत्तराखंड के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। दिनांक 21 फरवरी, 2026 को जनपद की विख्यात पर्यटन स्थली औली में जिलाधिकारी चमोली श्री गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सुरजीत सिंह पंवार ने जिला प्रशासन की ओर से महानिदेशक का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर डीजी आईटीबीपी को देवभूमि की आस्था का प्रतीक ‘नंदा देवी राजजात’ की सुंदर प्रतिमा भेंट की गई। अधिकारियों ने उनके जनपद भ्रमण और सीमाओं की चौकसी के प्रति उनके समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।

महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर का यह दौरा चीन सीमा से सटे इन दुर्गम क्षेत्रों में तैनात हिमवीरों का हौसला बढ़ाने और अग्रिम सेवा चौकियों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए है।

दौरे के दौरान औली में सुरक्षा और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के बीच – जिसमें आईटीबीपी, पुलिस, सेना और जिला प्रशासन शामिल रहे – बेहतर तालमेल पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सुरक्षा के तमाम पहलुओं को भी परखा गया।

इससे पूर्व, महानिदेशक आईटीबीपी के जनपद चमोली पहुंचने पर आईटीबीपी हेलीपैड पर आईटीबीपी व सेना के अधिकारियों के साथ एसडीएम ज्योतिर्मठ व क्षेत्राधिकारी चमोली द्वारा उनकी अगवानी की गई।

इस दौरान आईजी आईटीबीपी औली श्री अखिलेश रावत, आईजी मन्नु महाराज, आईजी बरिंदरजीत सिंह, 9वीं (I) माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेडियर गौरव बत्रा, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, आईटीबीपी कमांडेंट रतन सिंह सोनाल, कमांडेंट आईटीबीपी सुनील (गौचर वाहिनी) एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें