भालू हमले में घायल महिला से एम्स में मिले कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल, सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप

ऋषिकेश। जनपद पौड़ी के ग्राम खंडूली की निवासी ज्योति देवी, जो गुरुवार दिनांक 5 फरवरी 2026 को जंगल में घास लेने के दौरान भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, उनसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़िता का हालचाल जाना और चिकित्सकों से बातचीत कर उनकी चोटों की गंभीरता की जानकारी ली। साथ ही परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।

मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड में भालू हमलों की लगातार बढ़ती घटनाएं बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। यह केवल दुर्घटनाएं नहीं हैं, बल्कि राज्य सरकार की लापरवाही, कमजोर वन्यजीव प्रबंधन और विफल प्रशासन का सीधा परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक असुरक्षित हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि न तो संवेदनशील क्षेत्रों की समय रहते पहचान की गई और न ही वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए। भालू-मानव संघर्ष एक गंभीर समस्या बन चुका है, लेकिन सरकार के पास न तो कोई ठोस नीति है और न ही प्रभावी कार्ययोजना। वन विभाग संसाधनों की कमी से जूझ रहा है, जिसके कारण जमीनी स्तर पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए, घायलों का संपूर्ण इलाज सरकार के खर्च पर कराया जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए, पिंजरे और चेतावनी तंत्र लगाए जाएं तथा स्थानीय लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अब भी नहीं चेती, तो भविष्य में हालात और भयावह होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

इस दौरान पीड़िता और उनके परिजनों से मिलने वालों में कांग्रेस नेता जयेन्द्र रमोला, व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, एनएसयूआई अध्यक्ष हिमांशु जाटव, यूथ कांग्रेस नेता हिमांशु कश्यप सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें