देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 17 वर्षों से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अभियुक्त शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त थाना बसंत विहार, देहरादून और कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल में दर्ज डकैती के मामलों में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
2009 में ओएनजीसी महाप्रबंधक के घर हुई थी डकैती
पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा पुत्र स्वर्गीय प्रकाश नारायण वर्मा, निवासी मकान नंबर 10, फेस सेकंड, वसंत विहार, देहरादून ने थाना बसंत विहार में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पांच अज्ञात हथियारबंद अभियुक्तों ने उनके घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को घातक हथियारों से चोट पहुंचाई और लूट की घटना को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर थाना बसंत विहार में मुकदमा संख्या 80/09, धारा 397 आईपीसी के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
विवेचना के दौरान घटना में पांच अभियुक्तों राशिद उर्फ राकीब पुत्र इरशाद निवासी गली नंबर 02, नारा मस्जिद, इस्लामाबाद, लिसाड़ी गेट, मेरठ; बबलू पुत्र बाबूदीन निवासी मकसद अली का चौक, लिसाड़ी गेट, मेरठ; इमरान पुत्र इफ्तार निवासी तारापुरी, लियाकत अली वाली गली, ब्रह्मपुरी, मेरठ; समद पुत्र अली नजर सैयद निवासी रेलवे स्टेशन कॉलोनी, खतौली, मुजफ्फरनगर और शौकत पुत्र लतीफ निवासी अहमदनगर, थाना दिल्ली गेट, जनपद मेरठ की संलिप्तता प्रकाश में आई थी।
चार अभियुक्त पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार, शौकत पर बढ़ाया गया था इनाम
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अगस्त 2009 को चार अभियुक्तों राशिद, बबलू, इमरान और समद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, घटना में शामिल पांचवां अभियुक्त शौकत अली गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। उसके लंबे समय तक फरार रहने के चलते पूर्व में एसएसपी देहरादून द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखंड द्वारा इनामी राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई थी।
ऑपरेशन प्रहार के तहत पश्चिम बंगाल में दबिश देकर पकड़ा
वर्तमान में इनामी, वांछित और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी पतारसी-सुरागरसी और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से सूचनाएं एकत्रित कीं। इसी दौरान टीम को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है।
सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियुक्त शौकत अली पुत्र लतीफ को थाना भाटपाड़ा, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त मूल रूप से मेरठ, उत्तर प्रदेश का निवासी है। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए मेरठ से फरार होने के बाद दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। एसटीएफ उत्तराखंड की टीम दून पुलिस के साथ मिलकर लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
यूपी और उत्तराखंड में हत्या, लूट और डकैती समेत 11 मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार अभियुक्त शौकत अली की उम्र 54 वर्ष है। वह लतीफ का पुत्र है और मूल रूप से अहमदनगर, थाना देहली गेट, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश का निवासी है। वर्तमान में उसका पता विदानपुली, इच्छापुर, थाना नोआपारा, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास इस प्रकार है।
-
मुकदमा संख्या 04/92, धारा 307 भादवि, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 07/92, धारा 393 भादवि, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 347/91, धारा 392 भादवि, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 510/91, धारा 395 भादवि, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 14/97, धारा 25 आर्म्स एक्ट, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 177/04, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 214/05, धारा 147, 148, 149, 302 भादवि, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 85/06, धारा 384, 386, 504, 506 भादवि, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 89/06, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, थाना देहली गेट, मेरठ।
-
मुकदमा संख्या 357/09, धारा 147, 148, 149, 307, 392 भादवि, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
-
मुकदमा संख्या 80/09, धारा 397, 412 भादवि, थाना बसंत विहार, जनपद देहरादून।
एसटीएफ और बसंत विहार पुलिस की संयुक्त टीम रही शामिल
इस गिरफ्तारी अभियान में एसटीएफ टीम की ओर से निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगई, वीरेंद्र नौटियाल, बिजेंद्र चौहान तथा कांस्टेबल अनिल कुमार और मोहन असवाल शामिल रहे।
वहीं, थाना बसंत विहार की ओर से थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार शर्मा और अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह ने संयुक्त कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्तराखंड पुलिस की ओर से वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
