हल्द्वानी (मनोज रौतेला)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की स्वरोजगारपरक योजनाएं युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ उठाकर प्रदेश के युवा नौकरी तलाशने के बजाय स्वयं उद्यम स्थापित कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं। ऐसी ही सफलता की कहानी नैनीताल जिले के हल्द्वानी निवासी दीपिका सनवाल की है, जिन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ उठाकर अपनी तकदीर बदल दी है।
कभी बैंकिंग क्षेत्र में अपना करियर बनाने का सपना देखने वाली दीपिका को प्रतियोगी परीक्षाओं में अपेक्षित सफलता नहीं मिली। हालांकि, उन्होंने निराश होने के बजाय स्वरोजगार को अपना रास्ता बनाया और आज स्वयं सफल उद्यमी बनने के साथ ही अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से मिला आर्थिक संबल
वर्ष 2022-23 में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दीपिका ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की हल्द्वानी शाखा से सात लाख रुपये की परियोजना के लिए ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक की ओर से 6.65 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया, जबकि 35 हजार रुपये का अंशदान दीपिका ने स्वयं किया। योजना के तहत उन्हें 1.05 लाख रुपये की सब्सिडी भी प्रदान की गई। इस आर्थिक सहायता ने दीपिका के उद्यम शुरू करने के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण लेकर शुरू किया मेकअप स्टूडियो
दीपिका ने लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने कौशल को निखारा और हल्द्वानी में ‘DEEPIKA SANWAL MAKEUP STUDIO’ की शुरुआत की। शुरुआत में स्वयं के लिए रोजगार का अवसर तैयार करने वाली दीपिका ने धीरे-धीरे अपने व्यवसाय का विस्तार किया और अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर देने शुरू किए।
आज उनके स्टूडियो में ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, फेशियल सहित विभिन्न ब्यूटी सेवाएं उपलब्ध हैं। उनके स्टूडियो से जुड़कर कई महिलाएं रोजगार प्राप्त कर रही हैं। बेहतर सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण कार्य के चलते उनके व्यवसाय को पहचान मिली है।
10 लाख रुपये तक पहुंचा वार्षिक कारोबार, पांच लोगों को मिला रोजगार
दीपिका की मेहनत और उद्यमशीलता का परिणाम है कि वर्तमान में उनके मेकअप स्टूडियो का वार्षिक कारोबार लगभग 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है। उनके इस उद्यम से अब तक पांच लोगों को रोजगार मिल चुका है। इस तरह कभी नौकरी की तलाश करने वाली दीपिका आज न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रही हैं।
मातृ शक्ति गढ़ रही सफलता की नई कहानी
दीपिका सनवाल की सफलता मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को नौकरी तलाशने के बजाय अपना उद्यम शुरू करने तथा दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की स्वरोजगारपरक योजनाएं युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। दीपिका की उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि सही अवसर, आर्थिक सहयोग, कौशल और मेहनत के बल पर महिलाएं अपनी अलग पहचान बनाने के साथ ही समाज और अर्थव्यवस्था के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
