गोचर। नंदासैंण में आयोजित पर्यावरण संवर्धन, पर्यटन एवं विकास मेले में लोकसंस्कृति, परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर मेलार्थियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में उत्तराखंड की समृद्ध लोकपरंपराओं के साथ नंदा राजजात यात्रा की मनोहारी झलक भी देखने को मिली।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखी नंदा राजजात की झलक
विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पहाड़ की लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक परंपराओं को मंच पर जीवंत किया। विशेष रूप से नंदा राजजात यात्रा पर आधारित झांकी ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर मेलार्थियों ने खूब सराहना की।
विधायक अनिल नौटियाल ने की मेले के आयोजन की सराहना
इस अवसर पर विधायक अनिल नौटियाल ने मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला पंचायत के पूर्व सदस्य एवं मेला समिति के पूर्व अध्यक्ष विनोद नेगी, पूर्व प्रमुख राजेंद्र सगोई, मंडल अध्यक्ष ज्योति कैलखुरा, सुभाष नौटियाल, प्रकाश नौटियाल, मलेठी के ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह, मनोज चौहान, प्रेम गौड़, चांदपुरगढ़ी मंडल महामंत्री नारायण सिंह, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख हिमेंद्र कुंवर सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
पर्यावरण संरक्षण और लोकसंस्कृति को सहेजने का दिया संदेश
आयोजन के दौरान क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर, पर्यावरण संरक्षण और लोकसंस्कृति को सहेजने का संदेश दिया गया। भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बेहतर आयोजन के लिए अतिथियों ने मेला समिति की सराहना करते हुए आभार जताया। मेले में स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
