अखिलेश यादव के बयान पर CM धामी का पलटवार, उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना दुर्भाग्यपूर्ण

देहरादून। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए कथित बयान पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि उत्तराखंड के लोगों को ‘घुसपैठिया’ कहना देवभूमि के स्वाभिमान और राज्य के संघर्ष का अपमान है।

सीएम धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा कांड का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर गोलियां चली थीं। धामी ने कहा कि उस दौर में आंदोलनकारियों पर गोलीबारी हुई और अब अखिलेश यादव उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कह रहे हैं।

‘उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। इस पावन धरती ने देश को संत, सैनिक और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक व्यक्तित्व दिए हैं। अखिलेश यादव जी, उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि के स्वाभिमान और हमारे संघर्ष का अपमान है।”

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग अपने राज्य के लिए किए गए संघर्ष और आंदोलनकारियों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकते।

रामपुर तिराहा कांड का किया उल्लेख

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोग यह भी नहीं भूले हैं कि मुलायम सिंह यादव के उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे पर गोलियां चली थीं।

उन्होंने पिता और पुत्र के संदर्भ में टिप्पणी करते हुए कहा कि उस समय उत्तराखंड के आंदोलनकारियों पर गोलीबारी हुई थी और अब अखिलेश यादव प्रदेश के लोगों को घुसपैठिया कह रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड के संघर्ष और बलिदान से जोड़ते हुए अपनी आपत्ति जताई।

कांग्रेस से भी पूछा सवाल

मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या पार्टी अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस बयान का समर्थन करती है? उन्होंने पूछा कि क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को स्वीकार है।

सीएम धामी ने कांग्रेस से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने और देवभूमि की जनता को जवाब देने की मांग की।

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें