डीएम नितिका खंडेलवाल ने तलाई में धान की क्रॉप कटिंग का किया स्थलीय निरीक्षण

नरेंद्रनगर/टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सोमवार को नरेंद्रनगर तहसील के अंतर्गत ग्राम ओणी के राजस्व ग्राम तलाई में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ स्वयं धान की कटाई और मड़ाई कर प्राप्त उपज का जायजा लिया। साथ ही संबंधित किसान से फसल की स्थिति और उत्पादन के बारे में जानकारी प्राप्त की।

क्रॉप कटिंग में प्राप्त हुआ 8 किलो 955 ग्राम धान

राजस्व विभाग की ओर से किसान जोत सिंह पुंडीर के खेत में 10×3 वर्ग मीटर का प्लॉट तैयार कर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। इसमें 8 किलो 955 ग्राम धान प्राप्त हुआ। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, फसल को सुखाने के बाद 15 दिन पश्चात उपज का वास्तविक आकलन किया जाएगा। क्रॉप कटिंग प्रयोग की प्रक्रिया सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से दर्ज की गई।

पारदर्शिता और सटीकता से प्रयोग कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने किसान से धान की किस्म और बीज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्रॉप कटिंग प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का आकलन किया जाता है। इन आंकड़ों का उपयोग फसल क्षति की स्थिति में मुआवजा और फसल बीमा राशि निर्धारित करने में भी किया जाता है।

किसानों को योजनाओं का लाभ देने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इच्छुक किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चंद्र घिल्डियाल, डीपीआरओ एम.एम. खान, एडीपीआरओ राकेश शर्मा, कानूनगो राय सिंह, पटवारी विनोद राणा सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें