हल्द्वानी (नैनीताल), 18 अक्टूबर 2026। लगभग 150 वर्ष पुरानी नगर की ऐतिहासिक प्राचीन श्री रामलीला हल्द्वानी में रविवार को रामलीला महोत्सव भक्ति, करुणा और वीरता के अद्भुत दृश्यों के साथ चरम पर पहुंचा। दिन की लीला में लक्ष्मण शक्ति, हनुमान जी द्वारा संजीवनी पर्वत लाने और कुंभकरण वध का मंचन हुआ, जबकि रात्रि लीला में हनुमान जी के पराक्रम, लंका दहन और विभीषण की शरणागति के प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर किया।
लक्ष्मण शक्ति और संजीवनी पर्वत बना आकर्षण
दिन की लीला में मेघनाद के शक्ति बाण से लक्ष्मण जी मूर्छित हो जाते हैं। अपने अनुज को मूर्छित देखकर भगवान श्रीराम का विलाप देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।
इसके बाद जामवंत जी के कहने पर हनुमान जी हिमालय से संजीवनी पर्वत लेकर आते हैं। यह दृश्य लीला का प्रमुख आकर्षण रहा। इस दौरान रामलीला मैदान ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद भगवान श्रीराम के बाणों से छह माह सोने और छह माह जागने वाले कुंभकरण का वध किया गया। कुंभकरण के विशाल पुतले का भी दहन किया गया। दिन की लीला का मंचन व्यास जी के निर्देशन में कराया गया।
रात्रि लीला में हनुमान जी का पराक्रम और लंका दहन
वृंदावन से आई श्री बृजेश्वरी लीला मंडल की ओर से रात्रि लीला का मंचन किया गया। इसमें हनुमान जी समुद्र लांघकर सीता माता तक पहुंचते हैं और उन्हें प्रभु श्रीराम की निशानी मुद्रिका सौंपते हैं। इसके बाद रावण की सोने की लंका जलाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
लीला के अंतिम प्रसंग में रावण के अत्याचारों से दुखी विभीषण भगवान श्रीराम की शरण में पहुंचते हैं। भगवान श्रीराम उन्हें शरणागत होने पर अभयदान देते हैं।
दर्शकों की भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं
संचालन समिति के मीडिया प्रभारी भवानी शंकर नीरज ने बताया कि रविवार को दर्शकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और बैठने की विशेष व्यवस्था की गई। समिति ने नगरवासियों से दोनों समय की लीला में सपरिवार पहुंचकर प्रभु श्रीराम की लीलाओं का आनंद लेने की अपील की।
कार्यक्रम में व्यास पूजन डॉ. नीलाम्बर भट्ट, डॉ. ऊषा भट्ट, राजेश जोशी, कमल किशोर जोशी और प्रदीप जनौटी ने किया।
संचालन समिति की ओर से विवेक कश्यप, पंकज कपूर, विनीत अग्रवाल, भोलानाथ केसरवानी, अतुल अग्रवाल और विजय भट्ट सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।
रामलीला के आयोजन में भारत विकास परिषद की हल्द्वानी शाखा, श्याम मित्र मंडल और वैणी सेना सहित विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने सेवा दी। व्यास पूजन में तरुण बंसल, रेशु बंसल, अमरनाथ जोशी, विवेक सक्सेना और अवनीश राजपाल भी शामिल रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
