कर्णप्रयाग में ड्यूटी से लौट रहे पुलिस जवानों ने घायल बाइक सवार की मदद कर पेश की मानवता की मिसाल

कर्णप्रयाग (चमोली)। ड्यूटी से लौट रहे पुलिस जवानों ने सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की मदद कर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। जवानों ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसली

जानकारी के अनुसार, बुधवार 14 अक्टूबर को कर्णप्रयाग-गौचर मार्ग पर राजकुमार दास निवासी हनुमानपुरी, अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में उनके दाहिने पैर में चोट लग गई और खून बहने लगा।

घायल को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया

इसी दौरान कर्णप्रयाग से गौचर में ड्यूटी पूरी कर लौट रहे हेड कांस्टेबल हरेन्द्र और होमगार्ड चन्द्रमोहन की नजर घायल बाइक सवार पर पड़ी। दोनों जवान तत्काल मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने घायल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उसके पैर में लगी चोट पर प्राथमिक उपचार करते हुए रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया।

इसके बाद जवानों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी और घायल राजकुमार दास को उपचार के लिए कर्णप्रयाग अस्पताल भिजवाया।

घायल ने पुलिस जवानों का जताया आभार

हादसे के बाद समय रहते मिली सहायता से घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। राजकुमार दास ने संकट की घड़ी में सहायता करने वाले दोनों जवानों का आभार जताया।

पुलिस जवानों की इस तत्परता और संवेदनशीलता ने यह संदेश दिया कि वर्दी में तैनात जवान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए भी तत्पर रहते हैं।

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें