ऋषिकेश में अवैध शराब की खेप बरामद, डिफेंस कैंटीन के फर्जी लेबल लगी बोतलें जब्त

 

ऋषिकेश। उत्तराखंड में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने श्यामपुर के पास एक कार से शराब की खेप बरामद की है। शराब की बोतलों पर डिफेंस कैंटीन और चंडीगढ़ में बिक्री से संबंधित लेबल लगे हुए थे। प्रारंभिक जांच में लेबल और होलोग्राम नकली होने की बात सामने आई है। मामले में मेरठ निवासी निशांत शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

श्यामपुर के पास कार से बरामद हुई शराब की 10 पेटियां

आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में आबकारी विभाग की ऋषिकेश टीम और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। इस दौरान श्यामपुर के पास हुंडई क्रेटा कार संख्या DL 4CAZ 9073 की तलाशी ली गई। वाहन से अवैध रूप से ले जाई जा रही शराब की 10 पेटियां बरामद हुईं।

आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के मुताबिक, बरामद शराब में रॉयल स्टैग व्हिस्की की 100 बोतलें और बडवाइजर बीयर की 24 बोतलें शामिल हैं।

बोतलों पर लगे मिले फर्जी लेबल और होलोग्राम

आबकारी विभाग के अनुसार, व्हिस्की की बोतलों पर चस्पा लेबल पर ‘For Sale Defence Personnel Only’ लिखा हुआ था। वहीं, बीयर की बोतलों पर ‘For Sale in Chandigarh Only’ अंकित था।

प्रारंभिक जांच में बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल नकली पाए जाने की बात सामने आई है। विभाग की ओर से इनकी पुष्टि और आगे की जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

मेरठ से लाकर उत्तराखंड में बेचने की थी तैयारी

मामले में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान निशांत शर्मा पुत्र राकेश शर्मा, निवासी मोदीपुरम, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आबकारी विभाग के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि शराब पर डिफेंस के लेबल इसलिए लगाए जाते थे, ताकि आम लोगों को वह कैंटीन की शराब लगे।

विभाग के मुताबिक, इस शराब को शादी और पार्टियों के सीजन में बेचने की तैयारी थी। अभियुक्त को आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत गिरफ्तार कर आबकारी क्षेत्र ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

संयुक्त टीम में ये अधिकारी और कर्मचारी रहे शामिल

कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के साथ जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून के आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश उनियाल और अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल राकेश नाथ व हेमंत सिंह तथा कांस्टेबल अंकित कुमार और आशीष चौहान शामिल रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें