बेस अस्पताल की मांग को लेकर गौचर में ग्रामीणों ने जताई एकजुटता

 

गौचर (चमोली)। क्षेत्र में बेस अस्पताल की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव-गांव जनसंपर्क कर लोगों को एकजुट किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम भटनगर, गौचर में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने बेस अस्पताल संघर्ष समिति को पूर्ण समर्थन देने पर सहमति जताई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को आगे बढ़ाने में सहयोग का भरोसा दिया।

बैठक में ग्रामीणों ने जताई एकजुटता

महिला मंगल दल की अध्यक्ष सीमा देवी और ग्राम उपाध्यक्ष, समाजसेवी एवं पर्यावरण मित्र हरीश नयाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में बेस अस्पताल की आवश्यकता पर चर्चा की गई। इस दौरान समस्त ग्रामवासियों ने संघर्ष समिति के साथ खड़े रहने और अस्पताल की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान में सहयोग देने का निर्णय लिया।

‘पैदल देहरादून चलो’ अभियान के जरिए सरकार तक पहुंचेगी मांग

बेस अस्पताल संघर्ष समिति क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार जनसंपर्क कर रही है। इसी कड़ी में ‘पैदल देहरादून चलो’ अभियान के माध्यम से बेस अस्पताल की मांग को सरकार तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

समिति का प्रयास है कि अधिक से अधिक गांवों के लोग इस मांग के समर्थन में एकजुट हों, ताकि क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार के सामने रखा जा सके।

संघर्ष समिति ने ग्रामीणों का जताया आभार

बैठक में मिले समर्थन पर संघर्ष समिति ने महिला मंगल दल की अध्यक्ष सीमा देवी, ग्राम उपाध्यक्ष हरीश नयाल और समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। समिति को उम्मीद है कि जनसहयोग से बेस अस्पताल की मांग को और मजबूती मिलेगी।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें