हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से शहर के विकास और जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने प्रेस वार्ता के दौरान इन पहलों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
चौपाटी और निजी फूड प्लाजा की पहल
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि हल्द्वानी-काठगोदाम में जनसुविधाओं और स्थानीय विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौपाटी और निजी फूड प्लाजा जैसी आत्मनिर्भर पहल शुरू की गई हैं। इन पहलों से संबंधित आधिकारिक वीडियो भी जारी कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों को बढ़ावा देना है।
‘हल्द्वानी रील प्रतियोगिता 2026’ की आधिकारिक घोषणा
स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से ‘हल्द्वानी रील प्रतियोगिता 2026’ की भी आधिकारिक घोषणा की गई है। प्रतियोगिता के माध्यम से शहर की प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
त्वरित प्रतिक्रिया टीम का हेल्पलाइन नंबर जारी
नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नगर निगम ने त्वरित प्रतिक्रिया टीम का हेल्पलाइन नंबर 9410727977 जारी किया है। महापौर ने बताया कि आमजन इस नंबर पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, ताकि उनका जल्द समाधान किया जा सके।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम होंगे आयोजित
महापौर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के भव्य स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की विभिन्न पहलों का उद्देश्य शहर के विकास, जनसुविधाओं में सुधार और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देना है।
