पोखरी। विकासखंड पोखरी में विकासखंड स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस अनूठी विज्ञान प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 94 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक सोच, ज्ञान, प्रतिभा और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के 37 और सीनियर वर्ग के 57 बाल वैज्ञानिक शामिल हुए।
दीप प्रज्वलित कर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजक प्रधानाचार्य गंभीर असवाल, राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष महावीर जग्गी, ब्लॉक मंत्री एवं विकासखंड समन्वयक संदीप नेगी तथा वरिष्ठ मुख्य निर्णायक एवं निर्णायक मंडल ने दीप प्रज्वलित कर किया। विकासखंड समन्वयक संदीप नेगी ने प्रतियोगिता की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी।
पांच टीमों में बांटे गए प्रतिभागी
प्रतियोगिता का पहला चरण 30 अंकों की लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित किया गया। परीक्षा परिणाम के आधार पर विभिन्न विद्यालयों से चयनित प्रतिभागियों को मिलाकर विकासखंड स्तर पर पांच टीमों का गठन किया गया।
इसके बाद दूसरे चरण में पांच चरणों में विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों एवं प्रश्नोत्तरी आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें बाल वैज्ञानिकों ने अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
वैज्ञानिक सोच के साथ टीम भावना पर जोर
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक ज्ञान के साथ-साथ टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, संवाद कौशल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना रहा। अलग-अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक ही टीम में शामिल कर उन्हें आपस में सीखने और अनुभव साझा करने का अवसर भी दिया गया।
चार बाल वैज्ञानिकों का जनपद स्तर के लिए चयन
जूनियर एवं सीनियर वर्ग में सर्वश्रेष्ठ दो-दो बाल वैज्ञानिकों, यानी कुल चार प्रतिभागियों का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली दो टीमों के सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
बच्चों को प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए किया प्रेरित
इस अवसर पर संयोजक प्रधानाचार्य जी.एस. असवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों को शैक्षणिक एवं विज्ञान आधारित प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही उनके आत्मविश्वास और वैज्ञानिक सोच को मजबूत करती हैं।
ये शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में कल्याण चौधरी, वेद प्रकाश भट्ट, नीरज चौहान, प्रदीप रडवाल, विजय रावत, बंदना, शोभा जोशी, जोगेंद्र कुमार, प्रदीप बर्तवाल, सविता राज, पंकज पुरोहित, अंकिता बटवाल, ममता टम्टा और अंजली सहित विभिन्न विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन ब्लॉक सह-समन्वयक सुरेंद्र राणा ने किया।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
