थराली/चमोली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने थराली मुख्य बाजार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा का नेतृत्व राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल और थराली मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र बिष्ट ने किया।
तिरंगा यात्रा सरस्वती शिशु मंदिर थराली से शुरू होकर भैरव मंदिर तक पहुंची। यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए, जिससे पूरा थराली बाजार देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
घर-घर तिरंगा फहराने की अपील
इस अवसर पर राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल, जिला पंचायत सदस्य हरीश सोनियाल और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र भारती ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने सभी लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ मनाने का संदेश दिया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
