चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े थाली भेंट की धनराशि में वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
मंदिर समिति की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली बद्रीनाथ में लिखित तहरीर देकर बताया कि 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर समिति अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच समिति गठित की गई थी।
प्राथमिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा थाली भेंट गणना स्थल से मंदिर की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री निजी हित में ले जाने की पुष्टि होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर कोतवाली बद्रीनाथ में मु0अ0सं0-06/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) में मुकदमा दर्ज किया गया।
श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला, गठित हुई SIT
मामले को श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर प्रकरण मानते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। विवेचना का जिम्मा प्रभारी निरीक्षक महादेव प्रसाद उनियाल को सौंपा गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई कथित हरकत
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और 2 जुलाई की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज का गहन परीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, फुटेज में आरोपी प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाते हुए दिखाई दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर का पैकेट अवैध रूप से अपने कब्जे में लिया।
देहरादून से हुई गिरफ्तारी
सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
-
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट
-
प्रभारी निरीक्षक महादेव प्रसाद उनियाल
-
उपनिरीक्षक प्रकाश बिष्ट (SIT)
-
उपनिरीक्षक दिनेश पंवार (SIT)
-
अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रसाद
-
हेड कांस्टेबल चन्दन नगरकोटी, अरुण गैरोला, सुशील कुमार
-
कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, राजेन्द्र रावत, गौरव रावत, जसपाल सिंह
-
महिला कांस्टेबल सपना
-
हेड कांस्टेबल (दूरसंचार) दीपक प्रजापति
-
कांस्टेबल रजत शर्मा (एसओजी)
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
