नैनीताल। उत्तराखंड सरकार की सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के तहत नैनीताल जिले के श्रद्धालुओं का दल रविवार को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से रवाना हुआ। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
सरकार की पहल से श्रद्धालुओं को मिला अवसर
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह सरकार की एक सराहनीय पहल है, जिसके माध्यम से ऐसे लोग भी तीर्थ यात्रा कर पा रहे हैं जो किसी कारणवश अब तक नहीं जा सके थे।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क आवागमन, आवास, भोजन, चिकित्सा एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना का भी माध्यम है।
देहरादून से विशेष ट्रेन होगी रवाना
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से आए यात्रियों का समागम होगा।
इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालु अपने साथ उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों के पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे।
यात्रा पूरी तरह निःशुल्क
राज्य सरकार द्वारा संचालित इस विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के तहत यात्रियों को एसी रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
नैनीताल जिले से 37 श्रद्धालु शामिल
जिला पर्यटन विकास अधिकारी के अनुसार, नैनीताल जिले से कुल 37 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए हैं, जिनमें 14 महिलाएं और 23 पुरुष शामिल हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
