उत्तराखंड को मिला राष्ट्रीय सम्मान: देश का सर्वश्रेष्ठ औषधि नियंत्रण विभाग बना

देहरादून। उत्तराखंड के खाद्य संरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग को पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ औषधि नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विभाग के चीफ ड्रग कंट्रोलर एवं अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी को प्रदान किया गया।

यह सम्मान ड्रग कंट्रोलर वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कोटेश्वर राव ने प्रदान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पिछले कुछ वर्षों में औषधि नियंत्रण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर देशभर में नई पहचान बनाई है।

मिलावटखोरी और अवैध दवा निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में विभाग ने पूरे राज्य में दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, अवैध दवा निर्माण पर रोक लगाने, नियमित निरीक्षण और मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाए। इसके साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए भी कई कार्यक्रम संचालित किए गए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष कोटेश्वर राव ने कहा कि उत्तराखंड ने दवा निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और पारदर्शी कार्यप्रणाली के जरिए पूरे देश में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी उत्तराखंड की पहचान

ताजबर सिंह जग्गी ने अपनी टीम के साथ मिलकर राज्यभर में गुणवत्तापूर्ण कार्यों का सफल संचालन किया, जिसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड सरकार के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली। इससे पहले भी उन्हें राज्य में विभिन्न मंचों पर उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें