चमोली: घर से लापता दो नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

चमोली। चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घर से लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली से एक संभावित अनहोनी टल गई, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

स्कूल के लिए निकले, लेकिन घर नहीं लौटे

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को परिजनों ने चौकी नन्दप्रयाग में सूचना दी कि उनके दो नाबालिग बच्चे सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

इस दौरान जानकारी मिली कि दोनों बच्चे किसी से देहरादून जाने की बात कह रहे थे, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शुरू की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए नन्दप्रयाग पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश की, विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बच्चों के संभावित मार्गों पर लगातार खोजबीन की।

नन्दप्रयाग-बगड़ पुल के पास मिले दोनों बच्चे

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दोनों नाबालिग बच्चों को नन्दप्रयाग-बगड़ पुल के समीप सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

अपने बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

सर्च अभियान में शामिल पुलिस टीम

  • हेड कांस्टेबल सुनील पैंथवाल

  • कांस्टेबल पंकज मैखुरी

  • होमगार्ड जगदीश

  • पीआरडी जवान प्रवीन


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें