शाहजहांपुर: ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर कैंट क्षेत्र में घूम रहा युवक गिरफ्तार, पास से मिले नकली पिस्टल और फर्जी दस्तावेज

शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश से बड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां 22 वर्षीय युवक आर्यन वर्मा ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर सेना के संवेदनशील कैंट क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ा गया। उसके साथ वर्दी पहने दो कथित एनएसजी कमांडो और एक ड्राइवर भी मौजूद था। मिलिट्री पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, युवक सेना का झंडा लगी हैरियर कार से कैंट क्षेत्र स्थित शहीद संग्रहालय पहुंचा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पूर्व सैनिकों और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को शक हुआ, जिसके बाद सेना को सूचना दी गई। मिलिट्री पुलिस ने उसकी पहचान रोजा शहर निवासी आर्यन वर्मा (22) के रूप में की।

तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी सेना का पहचान पत्र, नकली पिस्टल और सेना से संबंधित कई दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया है कि उसने जनवरी में दिल्ली से ब्रिगेडियर की वर्दी खरीदी थी और कई बार सैन्य अधिकारी बनकर शाहजहांपुर में घूम चुका था।पूछताछ में पता चला कि आर्यन इंटरमीडिएट पास है और दो बार नीट परीक्षा दे चुका है। वह दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और 26 मई को घर लौटा था। पूर्व सैनिकों ने उसकी संदिग्ध गतिविधियों की पहले ही सूचना सेना के अधिकारियों को दे दी थी, जिसके बाद उस पर नजर रखी जा रही थी। शुक्रवार को शहीद संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचते ही मिलिट्री पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।फिलहाल मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक का उद्देश्य क्या था तथा उसके साथ मौजूद अन्य लोगों की भूमिका क्या थी।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें