देहरादून।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) उत्तराखंड द्वारा पत्रकारिता जगत के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “मार्तंड उत्सव 2026” का आयोजन दून विश्वविद्यालय स्थित नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में राज्यभर से आए पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने प्रतिभाग किया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भारत चौधरी, पूर्व न्यायाधीश राजेश टंडन, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, महामंडलेश्वर स्वामी विद्या चैतन्य महाराज, विधायक राजकुमार पोरी, BSPS के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पांडे, संस्थापक शाहनवाज हसन, राष्ट्रीय संगठन मंत्री गिरिधर शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री एवं प्रदेश महामंत्री राजीव थपलियाल मौजूद रहे।
पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा, पत्रकारों पर हमले, झूठे मुकदमे, बीमा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रदेश महामंत्री राजीव थपलियाल ने पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं को उत्तराखंड सरकार तक पहुंचाने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया 14 सूत्रीय मांगपत्र
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भारत चौधरी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान एवं कल्याण से संबंधित 14 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। मांगपत्र में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, वरिष्ठ पत्रकार पेंशन, डिजिटल पत्रकारों को मान्यता, पत्रकार आवास योजना, निष्पक्ष विज्ञापन नीति, यात्रा सुविधा तथा पत्रकार हेल्पलाइन जैसी मांगें शामिल रहीं।
‘श्रम श्री सम्मान 2026’ से कई हस्तियां सम्मानित
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को “श्रम श्री सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। लोक गायन, पत्रकारिता, मेडिकल सेवा, समाज सेवा, लोक संस्कृति संरक्षण, उद्यानिकी एवं प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा “मार्तंड उत्सव सम्मान” के तहत वरिष्ठ हस्तियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम में संस्कृति विभाग की टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोक कलाकारों एवं लोक गायकों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाया।
राज्यभर से पहुंचे पत्रकार
सम्मेलन में राज्यभर से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रेम पंचोली, दिगपाल सिंह गोसाई, प्रमोद जैसवाल, विजयपाल रावत, रोहित डिमरी, प्रवीण गुप्ता, संदीप गॉड, सत्यनारायण गायत्री सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
